रायपुर: राज्य शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) के प्रोबेशनरी अधिकारियों की प्रशिक्षण अवधि के लिए अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 5 अधिकारियों को प्रदेश के अलग-अलग वनमंडलों में उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ फॉरेस्ट) के पद पर ट्रेनिंग के लिए तैनात किया गया है. शासन की ओर से कहा गया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी.
2024 बैच के IFS प्रोबेशनरी अधिकारियों की ट्रेनिंग पोस्टिंग
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक वर्तमान में प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, नया रायपुर में प्रशिक्षणरत भारतीय वन सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को क्षेत्रीय अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न वनमंडलों में भेजा गया है. विभाग का उद्देश्य अधिकारियों को जमीनी स्तर पर वन प्रबंधन, संरक्षण और प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है.
इन अधिकारियों की हुई पदस्थापना
उप वनमंडलाधिकारी अंबिकापुर, सरगुजा वनमंडल की जिम्मेदारी
वर्ष 2024 बैच के आईएफएस अधिकारी कुनाल मिश्रा को प्रशिक्षण के लिए सरगुजा वनमंडल के अंबिकापुर में उप वनमंडलाधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है. प्रशिक्षण अवधि के दौरान वे क्षेत्र में वन संरक्षण, वन प्रबंधन और विभागीय कार्यों का व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे.
उप वनमंडलाधिकारी कटघोरा, कटघोरा वनमंडल की जिम्मेदारी
मुग्जा जालिंदर यादव को प्रशिक्षण के लिए कटघोरा वनमंडल के कटघोरा में उप वनमंडलाधिकारी बनाया गया. यहां वे वन संरक्षण, वन अपराधों की रोकथाम, पौधारोपण और क्षेत्रीय प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारियों से जुड़ा प्रशिक्षण लेंगी.
उप वनमंडलाधिकारी सुकमा, सुकमा वनमंडल की जिम्मेदारी
परख सारडा को सुकमा वनमंडल के सुकमा में उप वनमंडलाधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया. प्रशिक्षण के दौरान वन क्षेत्र के प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय स्तर पर विभागीय योजनाओं के संचालन का अनुभव हासिल करेंगे.
उप वनमंडलाधिकारी उत्तर नारायणपुर, नारायणपुर वनमंडल की जिम्मेदारी
प्रीति यादव को नारायणपुर वनमंडल के उत्तर नारायणपुर में उप वनमंडलाधिकारी के पद पर प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है. यहां वे वन संरक्षण, जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों और विभागीय प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी.
उप वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव, राजनांदगांव वनमंडल की जिम्मेदारी
यशस्वी मौर्या को राजनांदगांव वनमंडल के राजनांदगांव में उप वनमंडलाधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान वे वन विभाग के फील्ड संचालन, संरक्षण कार्यों और विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का अनुभव प्राप्त करेंगी.
प्रशिक्षण अवधि तक विशेष व्यवस्था रहेगी लागू
विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रशिक्षण पूर्ण होने तक ये सभी अधिकारी संबंधित वनमंडलों में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे. प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद संबंधित उप वनमंडलाधिकारी अपने-अपने पदस्थ वनमंडलों में यथास्थिति कार्यरत रहेंगे. यह पदस्थापना पूरी तरह प्रशिक्षण व्यवस्था के तहत की गई है और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी.
स्पेशल सेक्रेट्री ने जारी किए आदेश
यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा जारी किए गए. आदेश में कहा गया कि भारतीय वन सेवा के नवचयनित अधिकारियों को क्षेत्रीय अनुभव प्रदान करने और वन प्रशासन की व्यावहारिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण पदस्थापना की गई. इससे अधिकारियों को वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन तथा विभागीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा.
Leave a comment