मेरठ: आपने नीले ड्रम वाली मुस्कान और हनीमून पर पति की बेरहमी से हत्या करने वाली सोनम रघुवंशी की कहानी तो जरूर सुनी होगी, लेकिन मेरठ की रहने वाली दामिनी ने अपने पति को मारने के लिए जो खौफनाक तरीका अपनाया, उसे देखकर हर कोई हैरान है. दामिनी ने अपनी 7 साल की लव मैरिज को अपने नए आशिक के लिए न सिर्फ कुर्बान कर दिया, बल्कि कत्ल की ऐसी साजिश रची जिसे देखकर कोई भी इसे हत्या नहीं, बल्कि एक आम दुर्घटना मान ले.
रोंगटे खड़े कर देने वाला यह मामला मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, यहां रहने वाले स्कूल संचालक अतुल की उसकी ही पत्नी दामिनी ने हत्या करवा दी. दामिनी का अपने ही ड्राइवर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. अपने रास्ते से पति को हटाने के लिए दामिनी और उसके प्रेमी ड्राइवर ने एक सपेरे के साथ मिलकर मौत का जाल बुना.
बिस्तर में छोड़ दिया जहरीला सांप
कत्ल के लिए उन्होंने कोई हथियार नहीं, बल्कि एक जहरीला सांप चुना. साजिश के तहत, जब अतुल रात को अपने बेडरूम में सो रहा था, तब प्रेमी ड्राइवर ने चुपके से उसके बिस्तर में एक सांप छोड़ दिया. सांप के डसने से अतुल की तड़प-तड़प कर मौत हो गई.
सामान्य मौत दिखाने की थी साजिश
अतुल की मौत को इस तरह से अंजाम दिया गया था कि पुलिस और परिवार वालों को लगे कि यह महज एक हादसा है. सांप के काटने से हुई मौत पर शुरुआत में किसी को हत्या का शक नहीं हुआ. लेकिन, जब पुलिस ने मामले की गहराई से तफ्तीश की, तो दामिनी की खौफनाक साजिश के तार खुलकर सामने आ गए.
प्रेमी की तलाश जारी
इस वारदात के खुलासे के बाद हस्तिनापुर पुलिस एक्शन में आ गई है. पुलिस ने हत्या की मुख्य साजिशकर्ता पत्नी दामिनी को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. भंडाफोड़ होने की भनक लगते ही दामिनी का आशिक (ड्राइवर) मौके से फरार हो गया है. पुलिस की कई टीमें उसकी और सपेरे की तलाश में दबिश दे रही हैं.
Leave a comment