खंडवा: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार रात्रि को खंडवा जिले के ओंकारेश्वर पहुंचे. जहां उन्होंने पत्नी के साथ भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन किए और शयन आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, ”ओंकारेश्वर में दर्शन के साथ उनके जीवन का 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का संकल्प पूर्ण हो गया है.” उन्होंने देशवासियों से अध्यात्म को जीवन का हिस्सा बनाने और भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों के लिए कार्य करने का आह्वान भी किया.
12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का लिया था संकल्प
शयन आरती के दौरान मंदिर के पुजारी डंकेश्वर दीक्षित ने बाबा ओंकारेश्वर और मां नर्मदा की महिमा का विस्तृत वर्णन किया. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने पूरे परिवार के साथ श्रद्धापूर्वक इस आध्यात्मिक प्रवचन का श्रवण किया. मंदिर परिसर में आरती के समय भक्ति और श्रद्धा का विशेष वातावरण बना रहा. दर्शन और पूजन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि, ”उन्होंने अपने जीवन में देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का संकल्प लिया था. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में पूजा-अर्चना के साथ उनका यह संकल्प पूर्ण हो गया है.”
देशवासियों से भारतीय संस्कृति के लिए कार्य करने की अपील
उन्होंने इसे अपने जीवन का अत्यंत सुखद और आध्यात्मिक अनुभव बताया. ज्ञानेश कुमार ने कहा कि, ”भारतीय संस्कृति और अध्यात्म मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करते हैं. प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अध्यात्म का अनुभव करना चाहिए, क्योंकि इससे सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और समाज के प्रति सेवा की भावना विकसित होती है.”
ज्ञानेश कुमार का पहला एमपी दौरा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ओंकारेश्वर आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं. दर्शन के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे. मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने कुछ समय तक धार्मिक वातावरण का आनंद लिया और मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की. उनके आगमन से श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला.” बता दें कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश का दौरा है.
Leave a comment