छिंदवाड़ा: रील और सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है. जिसको लेकर कई बार हादसे में सामने आते रहते हैं. ऐसा ही एक हादसा सामने आया छिंदवाड़ा जिले से, जिसमें युवक की जान तक चली गई. दरअसल सोशल मीडिया पर पॉपुलर होने के लिए पातालकोट की पहाड़ियों के किनारे एक युवक बाइक में रील बना रहा था. लेकिन देखते ही देखते पातालकोट की पहाड़ियों से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया. जिससे उसकी मौत हो गई.
पातालकोट की पहाड़ियों में बना रहा था रील
तामिया थाना प्रभारी आशीष जैतवार ने बताया कि, ”पातालकोट इलाके के सिथोली गांव के रहने वाले सूर्यभान खमरिया जिसकी उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है. वह चिमटीपुर के वन विभाग के रेस्ट हाउस के व्यू प्वाइंट के पास बाइक में रील बना रहा था. इसी दौरान बाइक सहित वह गहरी खाई में जा गिरा. जहां उसकी मौत हो गई है. फिलहाल पुलिस युवक के शव को निकालने के लिए पहुंची है. उसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा.”
ग्रामीणों ने निकालने का किया प्रयास, लोगों ने देखी घटना
छिंदी के स्थानीय पत्रकार फिरोज ने बताया कि, ”चिमटीपुर के वन विभाग रेस्ट हाउस के पास युवक अपनी बाइक पर रील बना रहा था. सोशल मीडिया में वायरल होने के लिए लोग यहां पर ऐसे स्टंट करते हैं. पास में ही कुछ गांव के लोग मवेशी चरा रहे थे, उन्होंने देखा कि यह युवक बाइक सहित खाई में गिर गया है. उन्होंने लोगों को सूचना दी. ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने पहले ही खाई में उतरकर युवक की तलाश शुरू कर दी थी. देखा तो वहां पर युवक की मौत हो चुकी थी. फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है.”
पातालकोट हो रहा डेवलप, लेकिन सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम
तामिया के वरिष्ठ पत्रकार नितिन दत्ता ने बताया कि, ”तामिया और पातालकोट को पर्यटन के क्षेत्र में डेवलप किया जा रहा है. यहां की खूबसूरती टूरिस्ट को खूब लुभाती है लेकिन सुरक्षा के इंतजाम टूरिज्म विभाग की तरफ से बिल्कुल नहीं किया जा रहे हैं. यहां पर ना तो कोई गार्ड तैनात होता है ना ही किसी प्रकार की गश्ती होती है. हर दिन सैकड़ों लोग पातालकोट और तामिया पहुंचते हैं. लेकिन यहां पर गंदगी के साथ-साथ ऐसे स्टंट और खतरनाक कदम उठाते हैं जो हादसे की वजह बनते हैं. इसके पहले भी कई लोग यहां पर घायल हो चुके हैं, लेकिन इस बार एक युवक की मौत हो गई.”
Leave a comment