भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के यात्रियों को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल गई है. रेल मंत्रालय द्वारा दक्षिण भारत के चारलापल्ली से गोरखपुर के बीच एक नई नियमित ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है. यह साप्ताहिक ट्रेन 2 अक्टूबर से शुरू होगी. इस अमृत भारत एक्सप्रेस का फायदा भोपाल मंडल के तीन प्रमुख जंग्शन को भी मिलने जा रहा है. अमृत भारत एक्सप्रेस इटारसी, भोपाल और बीना जंग्शन से होकर गुजरेगी. इसकी वजह से भोपाल के यात्रियों को भी उत्तर एवं दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
2 अक्टूबर को चारलापत्ली से रवाना होगी ट्रेन
यह ट्रेन नंबर 22075 चारलापल्ली- गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को चारलापल्ली से रात 9 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी. ट्रेन मध्य प्रदेश के बैतूल होते हुए अगले दिन दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर इटारसी जंक्शन पहुंचेगी. इसके भोपाल जंक्शन पहुंचने का समय दोपहर 1 बजकर 50 मिनट का है. इसके बाद बीना शाम 4 बजे पहुंचेगी. इसके बाद यह ट्रेन झांसी, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोंमती नगर, बाराबांकी एवं गोंडा होते हुए दूसरे दिन सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी.
गोरखपुर से 4 अक्टूबर को चलेगी ट्रेन
वापसी में यह अमृत भारत एक्सप्रेस नंबर 22076 गोरखपुर- चारलापल्ली एक्सप्रेस 4 अक्टूबर को रवाना होगी. यह ट्रेन गोरखपुर से सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर चलकर गोंडा, बाराबांकी, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, कानपुर सेंट्रल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होते हुए बीना जंक्शन रात 9 बजकर 10 मिनट पर पहुंचेगी. इसके भोपाल पहुंचने का समय रात 11 बजकर 05 मिनट का है. इसके बाद इटारसी जंक्शन पर रात 12 बजकर 40 मिनट पर पहुंचेगी और इसके बाद बैतूल, नागपुर, बल्हारशाह आदि स्टेशन होते हुए चारलापल्ली पहुंचेगी.
चारलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस गाड़ी के मुख्य स्टॉपेज
चारलापल्ली से गोरखपुर के बीच की करीब 1800 किलोमीटर की दूरी अमृत भारत एक्सप्रेस से करीब 32 घंटे में पूरी होगी. इस दौरान यह ट्रेन दोनों दिशाओं से काजीपेट जंक्शन, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर जंक्शन, बैतूल, इटारसी जंक्शन, भोपाल जंक्शन, बीना जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबांकी जंक्शन और गोंडा जंक्शन पर रूकेगी. इस ट्रेन के चलने से भोपाल के यात्रियों को दक्षिण भारत और पूर्वाचंल के लिए बेहतर कनेक्टीबिटी मिल गई है.
Leave a comment