लखनऊ । सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दो दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे। शनिवार को उन्होंने सपा के विजन इंडिया कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां पार्टी की नीतियों और एजेंडे पर खुलकर चर्चा की और भाजपा सरकार की कमियों की आलोचना की। कार्यक्रम में घोसी से सपा सांसद राजीव राय और यूपी के पूर्व चीफ सेक्रेटरी आलोक रंजन भी मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत अखिलेश यादव को पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ हुई। इस दौरान चर्चा का मुख्य विषय था “होलिस्टिक हेल्थ” यानी समग्र स्वास्थ्य। सपा मुखिया ने कहा कि तन, मन और वातावरण जब संतुलित होंगे तभी सही स्वास्थ्य संभव है। उन्होंने देश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य सेवाएं 30 फीसदी से अधिक ठीक नहीं हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की स्थिति और भी खराब है। उन्होंने अस्पतालों की आपातकालीन सेवाओं, सीएचसी और पीएचसी में स्टाफ की कमी और औद्योगिक वेस्ट प्रबंधन की खामियों को उजागर किया।अखिलेश यादव ने मानसिक स्वास्थ्य पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखना जरूरी है कि हम किस डिजिटल या सोशल प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं, क्योंकि इसका प्रभाव हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने लोगों को परिवार के साथ समय बिताने और किसी भी मानसिक परेशानी के मामले में बिना संकोच डॉक्टर से सलाह लेने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुष चिकित्सा पर भी विचार करने की आवश्यकता जताई।इसके पहले शुक्रवार को अखिलेश यादव ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा की पोल खुल रही है। सपा हर वर्ग को जोड़ने का काम कर रही है और पार्टी का फोकस विजन आधारित राजनीति पर है। उन्होंने विभाजन की राजनीति के खिलाफ एकजुटता और सहयोग की राजनीति पर जोर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि वह भुवनेश्वर में पीडीए का पेड़ लगाने आए हैं और यह उनके यहां तीसरा दौरा है।
Leave a comment