कोलकाता । पश्चिम बंगाल के मालदा में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, भाजपा के बढ़ते जनाधार और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि बंगाल के हर गरीब परिवार के पास पक्का मकान हो, हर जरूरतमंद को मुफ्त राशन मिले और केंद्र की योजनाओं का लाभ बिना रुकावट गरीबों तक पहुंचे, लेकिन राज्य में यह संभव नहीं हो पा रहा है।प्रधानमंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर टीएमसी सरकार को घेरते हुए कहा कि घुसपैठिए बंगाल के लोगों के अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही अवैध घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और राज्य के नागरिकों के हक और अधिकारों की रक्षा की जाएगी।पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार गरीबों के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए जो धन भेजती है, वह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है और उसका लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता। प्रधानमंत्री ने जनता से सवाल किया कि क्या ऐसी सरकार को दोबारा मौका दिया जाना चाहिए, जो गरीबों के अधिकारों के साथ अन्याय कर रही हो।रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्षों तक भाजपा के खिलाफ झूठ और अफवाहें फैलाई गईं, वहां भी अब जनता भाजपा पर भरोसा जता रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार बंगाल की जनता भाजपा को स्पष्ट जनादेश देगी। पीएम मोदी ने कहा कि देश का राजनीतिक माहौल बदल चुका है और लोग अब विकास व सुशासन को प्राथमिकता दे रहे हैं।उन्होंने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है, त्रिपुरा में लंबे समय से जनता भाजपा पर भरोसा कर रही है और असम में भी भाजपा को लगातार समर्थन मिला है। हाल ही में बिहार में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी है। महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिली है और मुंबई की बीएमसी में भी पार्टी ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी भाजपा का मेयर चुना गया है।
Leave a comment