शिवपुरी: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2500 करोड़ की लागत से बनने वाली डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का शिवपुरी शहर के पोलो ग्राउंड में भूमि पूजन किया. भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और आदनी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदानी के दोनों पुत्र करण अदानी और जीत अदानी सहित भाजपा के विधायक मौजूद रहे.
5 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
कोलारस विधानसभा क्षेत्र के पाली में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री बनने जा रही है. यह फैक्ट्री करीब 103 एकड़ में बनकर तैयार होगी. इस फैक्ट्री में मिसाइल का निर्माण किया जाएगा. कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि “आज इतिहास की इबारत लिखी जा रही है. आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है.”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “इस परियोजना से लगभग 5,000 प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे. इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के सैकड़ों सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ेंगे. जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ मिलेगा.”
शिवपुरी के विकास के लिए सिंधिया ने की 4 मांग
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष शिवपुरी जिले के लिए 4 महत्वपूर्ण मांगें रखी. उन्होंने शिवपुरी शहर के लिए गुना नाका से ग्वालियर नाका, दुर्गादास राठौड़ चौराहा, भदैया कुंड, झांसी रोड होते हुए करावल पुल तक लगभग 14 किलोमीटर लंबे, 100 करोड़ लागत के सर्कुलर रोड को स्वीकृति देने का आग्रह किया.
इसके साथ ही शिवपुरी में 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा की स्थापना, राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी विंग एवं कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना तथा शिवपुरी विधानसभा के खोड़ में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से शिवपुरी के विकास को नई गति मिलेगी.
200 बेड का मातृ शिशु वार्ड बनाने का आश्वासन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का कहना है कि “चंबल की जमीन से निकले युवा देश की रक्षा कर रहे हैं. अब यहां जो मिसाइल बनेगी, वह 1 हजार किलोमीटर दूर दुश्मनों के पसीने छुटा देगी.” वहीं, इस दौरान 14 किलोमीटर की नई रोड स्वीकृत की गई. साथ ही खोड में कॉलेज बनाने की बात कही. वहीं, 200 बेड का मातृ शिशु वार्ड बनाने की भी बात कही है.
खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर ने नहीं भरा उड़ान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी से सड़क मार्ग से ग्वालियर के लिए रवाना हुए. ग्वालियर में तेज वर्षा के कारण वे शिवपुरी से हेलीकॉप्टर पर ग्वालियर नहीं गए. अदानी समूह के करण अदानी एवं जीत अडानी भी अपने हेलीकॉप्टर से खराब मौसम के कारण नहीं गए और सड़क मार्ग से ही ग्वालियर के लिए रवाना हुए.
Leave a comment