पदोन्नति की शर्तों में भी बड़ा बदलाव
सीएम नायब सैनी ने बताया कि अब वार्डन से हेड वार्डन बनने के लिए 20 वर्ष की बजाय केवल 18 वर्ष की सेवा पर्याप्त होगी, बशर्ते कर्मचारी का सेवा रिकॉर्ड अच्छा हो। इससे जेल कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिलेगा और उनके मनोबल में भी बढ़ोतरी होगी।
भत्तों में कई गुना बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने भत्तों में बढ़ोतरी की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जेल वार्डनों को मिलने वाला राशन भत्ता 600 रुपये प्रति माह है, जिसे आगामी वित्त वर्ष से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह किया जाएगा। इसके अलावा, कन्वेंस भत्ता, जो अभी मात्र 50 रुपये प्रति माह है, उसे बढ़ाकर 720 रुपये प्रति माह किया जाएगा। इसी तरह, वर्दी भत्ता, जो पहले 3000 रुपये प्रतिवर्ष था, उसे बढ़ाकर 7500 रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा।
सेवा विस्तार और विशेष प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि करैक्शनल मेडल प्राप्त करने वाले जेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया जाएगा। इससे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।
जेल कर्मचारियों में खुशी की लहर
सरकार के इस फैसले के बाद जेल विभाग के कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का माहौल है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि यह निर्णय लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और जेल स्टाफ को सम्मान व सुरक्षा की भावना देता है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जेल विभाग को एक आधुनिक, संवेदनशील और सशक्त व्यवस्था के रूप में विकसित किया जाए, जहां कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण और उचित सुविधाएं मिल सकें।
Leave a comment