नई दिल्ली: 26 जनवरी 2026: 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के साथ मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में तिरंगा फहराया। समाज कल्याण मंत्री ने बवाना के विभिन्न क्षेत्रों में भी आयोजित समारोहों में गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देकर, अमर शहीदों और संविधान निर्माताओं को भावपूर्ण नमन किया। इस अवसर पर श्री रविन्द्र इन्द्राज ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और समाज कल्याण विभाग की उपलब्धियों की जानकारी भी दी। कैबिनेट मंत्री ने बवाना विधानसभा में रोहिणी में संस्कृति अपार्टमेंट (सेक्टर-28), उपवन अपार्टमेंट (सेक्टर-28), रोहिणी हाइट्स अपार्टमेंट (सेक्टर-29), रोहिणी सेक्टर-23 (पॉकेट-8 एवं पॉकेट-9) तथा रोहिणी सेक्टर-24 (पॉकेट-7) एवं शाहबाद डेरी में आयोजित समारोहों में भाग लिया। इन आयोजनों में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और तिरंगे के सम्मान ने राष्ट्रभक्ति, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया गया। श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों के प्रति हमारी निष्ठा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का दिवस है। उन्होंने भारत के संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को नमन करते हुए कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान किए हैं। कैबिनेट मंत्री ने केंद्र सरकार एवं दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का संकल्प साकार हो रहा है। किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और गरीब-वंचित वर्गों के लिए किए गए कार्य नए भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने दिल्ली सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होने में विकसित दिल्ली का अहम योगदान होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार दिव्यांगों एवं बुजुर्गों के सशक्तिकरण पर लगातार कार्य कर रही है। राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं सुगम्य सहायक योजना के तहत उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरण दिये जा रहे हैं। बुजुर्गो एवं मानसिक रूप से दिव्यांगों के लिए नये ओल्ड एज होम और गरीब एवं वंचित वर्ग छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल की योजनाओं पर कार्य हो रहा है। उन्हें समय से छात्रवृत्ति भी दी जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को आत्मसात कर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें और एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
Leave a comment