रायपुर/जशपुर: नेपाल के भोटेकोशी नदी में बुधवार को आई भयानक बाढ़ के कारण बड़ा नुकसान हुआ है. विनाशकारी बाढ़ के कारण कम से कम 157 लोगों की मौत हो गई और लगभग 400 लोग लापता हैं. जान माल के नुकसान के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों के घर बह गए है.
नेपाल में रहने वाले छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए सरकार ने टोल फ्री नंबर जारी किया है. सीएम विष्णु देव साय के निर्देश पर नेपाल में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी और आवश्यक सहायता के लिए सरकार तत्पर है.
संकट की घड़ी में हम पड़ोसी देश नेपाल के साथ खड़े हैं: विष्णु देव साय
जशपुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ”संकट की स्थिति में पूरा भारत पड़ोसी देश नेपाल के साथ खड़ा है. हमारे जो नागरिक वहां फंसे हैं या जिनको मदद की जरुरत है, उनके लिए हम हर संभव मदद पहुंचाएंगे. शासन की ओर से आपदा प्रबंधन तंत्र को एक्टिव कर दिया गया है. अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हम हमारी सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.”
छत्तीसगढ़ के पर्यटकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
सीएम विष्णु देव साय ने कहा, ”राज्य सरकार का प्रयास है कि नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, परिस्थितियां अनुकूल होने पर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके. ऐसे समय में परिजनों से हमारी अपील है कि वे घबराने के बजाए प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक संपर्क माध्यमों का उपयोग करें और आवश्यक जानकारी हमसे साझा करें.”
घटना बहुत दुखद है, हम हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हैं. एक टॉल फ्री नंबर हमने जारी किया है. मदद के लिए इस नंबर पर कॉल करने वालों तक हम मदद पहुंचाएंगे. मानसरोवर यात्रा भी कुछ लोग गए हैं उनसे जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है: विष्णु देव साय, सीएम
जल प्रलय से भारी तबाही नेपाल में हुई है. भारत सरकार पूरी मजबूती से नेपाल के साथ खड़ी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद राहत और बचाव के लिए मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. ये प्राकृतिक आपदा है, संकट की खड़ी में हम मदद के लिए तैयार है. छत्तीसगढ़ सरकार अपने नागरिकों की मदद के लिए काम पर लगी हुई है: अरुण साव, डिप्टी सीएम
हेल्पलाइन 1070 और फोन नंबर +91-771-2223471 जारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेपाल में आई बाढ़ को लेकर पदाधिकारियों से समीक्षा की और उसके बाद छत्तीसगढ़ के फंसे हुए लोगों को मदद पहुंचाने के लिए तत्काल उपाय करने के निर्देश दिए. नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 और फोन नंबर +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं.
नेपाल बाढ़ में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों को सीएम साय का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है. फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी एवं आवश्यक सहायता के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है.
Leave a comment