चंबा। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का रविवार को चंबा दौरे के दौरान एक बेहद खास अंदाज देखने को मिला। मुख्यमंत्री बिना किसी तामझाम के ओल्ड बस स्टैंड के खोखे में चल रही हेयरकट की दुकान पर बाल कटवाने के लिए पहुंच गए।
दुकान के मालिक विनोद ने बताया कि अचानक पहुंचे सीएम ने बाल काटने के लिए कहा तो मैंने तुरंत कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। सीएम ने बाल कटवाने के दौरान परिवार के बारे में पूछा। काम कैसा है, गुजारा कैसे चलता है।
मैंने कहा कि पहले बस स्टैंड यहीं था तो कमाई अच्छी थी, लेकिन अब थोड़ा काम कम है। खोखे को देखकर सीएम ने कहा कि यहां सभी लोगों के लिए 25 पक्की दुकानें बनाई जाएंगी। इसी वार्तालाप के बीच बाल काटने का काम पूरा हो गया।
सीएम ने पैसे के बारे में पूछा तो मैंने इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने जेब से 500 रुपये का नोट निकाला और मुझे थमा दिया। इस दौरान सीएम जिस टोपी को पहनकर आए थे वह भी विनोद को दे दी।
सीएम के साथ बातचीत से भावुक हुए विनोद ने कहा कि यह मेरे लिए अविस्मरणीय पल हैं कि प्रदेश के मुखिया मेरी दुकान पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय विधायक नीरज नैयर दुकान के अंदर बैठे रहे जबकि डीसी भी साथ मौजूद रहे।
Leave a comment