बेमेतरा: राज्यपाल रमेन डेका आज परिवार के सदस्यों के साथ एक दिवसीय दौरे पर बेमेतरा के भद्रकाली मंदिर पहुंचे. राज्यपाल ने यहां विधि विधान से मां भद्रकाली की पूजा अर्चना की. मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन की ओर से उनको स्वागत भी किया गया. राज्यपाल ने पूजा पाठ के बाद मां भद्रकाली से देश और छत्तीसगढ़ में खुशहाली और शांति की कामना की.
मां भद्रकाली मंदिर के दर्शन करने पहुंचे राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका का जब भी बेमेतरा दौरा होता है, वो मां भद्रकाली मंदिर के दर्शन और आशीर्वाद लेना नहीं भूलते. सोमवार को राज्यपाल के मंदिर प्रांगन पहुंचने पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगोई और जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने उनका स्वागत किया. राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय लोगों और भक्तों का भी अभिवादन स्वीकार किया. राज्यपाल के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे.
सैकड़ों साल पुराना मंदिर का इतिहास
बेमेतरा के हृदय स्थल बाजार पारा में मां भद्रकाली का दिव्य मंदिर है जो कई साल पुराना है. कहा जाता है कि भद्रकाली मंदिर के स्थान पर पहले भैरव बाबा का मंदिर हुआ करता था, जिसे हटाकर भद्रकाली मंदिर बनवाया गया. गांव के लोग बताते हैं कि नगर के लेखराज शर्मा के सपने में आकर देवी भद्रकली ने अपने होने का जिक्र किया था, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने वहां माता का मंदिर बनवाया और सपने में दिए गए स्थान से देवी की प्रतिमा लाकर मंदिर में स्थापित किया. यहीं कारण है कि बेमेतरा नगर को मां भद्रकाली की नगरी या भद्रकाली की धरा कहा जाता है.
Leave a comment