बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जीवनदीप समिति और जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में जिले के विकास कार्यों, मानसून की तैयारियों और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई.
बेमेतरा जिला अस्पताल को मिलेंगे नए उपकरण और जनरेटर
प्रभारी मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में जिला अस्पताल के बेहतर संचालन को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए. अस्पताल में लगातार बिजली आपूर्ति के लिए नए जनरेटर की खरीदी को मंजूरी दी गई. मरीजों की सुविधा के लिए जरूरी आधुनिक उपकरण और जीवन रक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बाढ़ और मौसमी बीमारियों से निपटने के पुख्ता इंतजाम
आगामी दिनों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मंत्री साव ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया किया कि निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए टीमें चौबीसों घंटे अलर्ट पर रहें. जलजनित और मौसमी बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग पहले से ही ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करे.
“बैठक में जिले के विकास और जनता की सहूलियत को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए हैं. हमारा पूरा ध्यान इस बात पर है कि मानसून के दौरान आम जनता को कोई असुविधा न हो. प्रशासन को आपदा प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के पुख्ता निर्देश जारी कर दिए गए हैं-अरुण साव, प्रभारी मंत्री बेमेतरा जिला
किसानों को खाद-बीज,गरीबों को राशन की कमी न हो-अरुण साव
कृषि और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि खेती के इस सीजन में किसानों को खाद और उन्नत बीजों की कोई किल्लत नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए.
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) की प्रगति रिपोर्ट देखी गई. जल संरक्षण और सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई. मंत्री साव ने निर्देश दिया कि जैसे ही बारिश का दौर थमे, रुके हुए सभी निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू किया जाए, ताकि जिले की विकास यात्रा सुचारू रूप से आगे बढ़ सके.
Leave a comment