प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर देशभर में भारतीय जनता पार्टी सेवा संकल्प दिवस मना रही है. सरकार के मंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत लोगों को शासन की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं. पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान मनाएगी.
मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी योजनाओं की जानकारी
गौरेला पेंड्रा मरवाही के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने पीएम आवास योजना, लखपति दीदी और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की. मंत्री ने उनसे पूछा कि उनको इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं. मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए हमें काम करना है.
कांकेर में मनाया गया स्वच्छता सेवा संकल्प अभियान
पीएम मोदी के जन्मदिन पर शहर के ठाकुर विश्राम सिंह पार्क और तालाब के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस अभियान में कलेक्टर और विधायक भी शामिल हुए. इस मौके पर लोगों ने गंदगी न फैलाने का संकल्प लिया. लोगों ने एक दूसरे को साफ सफाई रखने के लिए जागरुक भी किया. कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कचरा गाड़ी में ही कचरा डालें. कचरा गाड़ी डोर टू डोर पहुंचती है.
कवर्धा में कांग्रेस ने मनाया वादाखिलाफी दिवस
कबीरधाम में कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के सेवा संकल्प दिवस के विरोध में वादाखिलाफी दिवस मनाया. कांग्रेस ने कहा कि केंद्र सरकार को बेरोजगारी, किसानों के दमन और महंगाई के सवालों का जवाब देना चाहिए. कांग्रेस ने कहा कि नीट पेपर लीक के सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए. मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और पेट्रोल डीजल की कीमतों को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए.
Leave a comment