भोपाल/जबलपुर/देवास: मध्य प्रदेश के कई शहरों में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ है. राजधानी भोपाल में विधानसभा सत्र के बाद विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. विधानसभा परिसर से लेकर राजभवन तक कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया और सरकार पर जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. इसके अलावा राहुल गांधी की गिरफ्तारी के खिलाफ और छात्रों के समर्थन के लिए जबलपुर, छिंदवाड़ा, सीहोर, देवास समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए हैं.
मध्य प्रदेश में कई जगह प्रदर्शन
श्योपुर में मंगलवार की देर शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली के सामने गांधी पार्क पर धरना प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी पार्क पर इकट्ठा हुए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया.उनकी मांग थी के लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ पुलिस ने जो बदसलूकी की है वो गलत है साथ ही तुरन्त ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा दिया जाए. वहीं, राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में देर रात छिंदवाड़ा के फव्वारा चौक में भी गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया.
भोपाल से शुरु हुए विरोध प्रदर्शन
इससे पहले राजभवन में कांग्रेस के प्रस्तावित धरने से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघर के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए. इस दौरान विधायकों ने राज्य व केंद्र सरकार की कथित हठधर्मिता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघर ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि “सरकार जनता के सवालों से बच रही है.” उमंग सिंघर ने कहा कि “जब तक राहुल गांधी को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे.” इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला.
जबलपुर में भी किया गया धरना प्रदर्शन
जबलपुर में भी राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने धरना दिया. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया. इस बीच में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया और कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर झड़प भी हुई. कांग्रेसियों ने जबलपुर के मालवी चौक पर आंदोलन किया.
पुलिस ने कई कांग्रेसियों को हिरासत में लिया
इस दौरान मालवीय चौक पर जबलपुर नगर कांग्रेस के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया और धरना दिया. इस धरने को हटाने के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई और धक्का मुक्की के बाद पुलिस ने कांग्रेसियों के ऊपर वाटर कैनन भी चलाई. इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कई कांग्रेसियों को हिरासत में लिया है.
देवास में जमकर हुई नारेबाजी
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में देवास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया. धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने किया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि “विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी. प्रदर्शन में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राहुल गांधी को तत्काल रिहा किए जाने की मांग उठाई.
जीतू पटवारी ने सरकार पर किया तीखा हमला
कांग्रेस का विधानसभा से राजभवन तक प्रदर्शन देखने को मिला. कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने UCC, किसानों, शिक्षा और बेरोजगारी समेत कई मुद्दे उठाए. उन्होंने कहा कि “सरकार विधानसभा में 8 नए विधेयक लेकर आई है, लेकिन शिक्षा, बेरोजगारी, स्वास्थ्य, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है.
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर पटवारी ने कहा कि “कांग्रेस समानता के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, लेकिन यदि सभी नागरिकों के लिए समान कानून की बात की जा रही है, तो पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी बच्चों को समान शिक्षा मिले और युवाओं को समान रोजगार के अवसर उपलब्ध हों.” उन्होंने आरोप लगाया कि UCC केंद्र सरकार का विषय है, फिर भी राज्य सरकार इसे केवल अपने अन्य मुद्दों और विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए लेकर आई है.
राज्य सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “सरकार का एक भी मंत्री ईमानदार नहीं है और सरकार जनता की समस्याओं पर चर्चा नहीं करना चाहती.” किसानों के मुद्दे पर जीतू पटवारी ने कहा कि “अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील से देश के किसानों को बड़ा नुकसान होगा.” उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में किसान डरे हुए हैं और कई स्थानों पर आंदोलन कर रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार मूंग की खरीदी तक नहीं कर सकी और किसानों को फसलों का समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है.
किसानों के हित में आंदोलन की चेतावनी
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस किसानों के हित में बड़ा आंदोलन करेगी. 24 जुलाई को वे हरदा, नर्मदापुरम और नरसिंहपुर में ट्रेड डील के विरोध में आयोजित आंदोलनों में शामिल होंगे. शिक्षा के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया था. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ, कई छात्रों ने आत्महत्या की, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से नहीं हटाया. उन्होंने बताया कि वे इंदौर में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं.
Leave a comment