भोपाल : सोशल मीडिया पर चर्चित मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी डीएसपी संतोष कुमार पटेल ने भोपाल में आमद दे दी. उन्होंने एसीपी कोतवाली का कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और पिछले कार्यकाल के अनुभव साझा किए.
ACP संतोष कुमार पटेल ने कहा “उनका हालिया कार्यकाल बालाघाट जिले में रहा, जो प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. बालाघाट बेहद सुंदर जिला है. चारों ओर हरियाली, शुद्ध हवा और वहां की मिट्टी की मीठी खुशबू मन को सुकून देती है. कई बार 20 किलोमीटर तक निकल जाइए तो कोई इंसान नजर नहीं आता. राजधानी में उनकी पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना होगी.”
कानून व ट्रैफिक व्यवस्था सुधारेंगे
एसीपी संतोष पटेल ने कहा “राजधानी के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना कार्ययोजना का हिस्सा है. पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो तथा शिकायतों का समयबद्ध निराकरण हो सके.”
कार्यभार संभालने के बाद पूर्व एसीपी चंद्रशेखर पांडे ने उनका गुलदस्ता देकर स्वागत किया. इस अवसर पर स्टाफ के साथ तलैया और कोतवाली थाना प्रभारी मौजूद थे. संतोष कुमार पटेल अपनी कार्यशैली, जनसंपर्क और सोशल मीडिया पर सक्रियता के कारण काफी चर्चित हैं.
डीएसपी की पत्नी की पोस्ट रही चर्चा में
2018 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारी डीएसपी संतोष कुमार पटेल अब भोपाल के श्यामला हिल्स, तलैया और कोतवाली थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे. इससे पहले वह बालाघाट हॉकफोर्स में सहायक सेनानी के पद पर थे. तबादले से पहले उनकी पत्नी ने सोशल मीडिया पर लिखा था “बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नियम है कि वहां एक साल की ड्यूटी होगी, लेकिन मेरे पतिदेव को ड्यूटी करते हुए एक साल पांच महीने हो चुके हैं. मेरे जैसी कई पत्नियां इंतजार कर रही हैं कि वे अपने परिवार के साथ रह सकें. सरकार से निवेदन है कि जल्द से जल्द ट्रांसफर किया जाए.”
Leave a comment