भोपाल : दतिया में चुनाव के पहले और बाद में मचे सियासी दंगल के बीच दिल्ली से आ रही तस्वीरें मध्यप्रदेश की सियासत में तापमान बढ़ा रही हैं. ताजा तस्वीर कैबिनेट मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय की आई है. उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की है. इसके पहले जब प्रदेश नेतृत्व मध्यप्रदेश में दतिया की हार की समीक्षा कर रहा था, ठीक उसी समय केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. अब इन मुलाकातों के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं. इधर पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी भोपाल से दिल्ली रवाना हो गए हैं.
कैलाश की शाह से मुलाकात, क्या हुई बात?
मुस्कुराती तस्वीरों के मायने निकालना आसान नहीं होता. जब मध्यप्रदेश में संगठन से लेकर सरकार में बैठे मंत्रियों तक सियासी दंगल की आहट सुनाई दे रही हो. क्या ये तस्वीर इस बात का संकेत हो सकता है कि दतिया चुनाव में जिस भीतरघात के बाद पार्टी ने एक्शन में पूरी दतिया से बीजेपी का सफाया कर दिया अब इस मामले का पटाक्षेप हो गया है? या इस सियासी सीन में अभी क्लाईमैक्स बाकी है?
सियासी गलियारों में ये चर्चा है कि ये नेता दतिया चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद हाईकमान को अपना फीडबैक देने दिल्ली पहुंच रहे हैं. हांलाकि, जानकारी के मुताबिक प्रदेश नेतृत्व की तरफ से इस पूरे चुनाव में बीजेपी की हार की कुछ बड़ी वजहों को रेखांकित करते हुए एक रिपोर्ट दिल्ली भेजी जा चुकी है.
शिवराज ने की थी पीएम मोदी से मुलाकात
इत्तेफाक की बात है कि कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात के पहले केन्द्रीय मंत्री शिवराज की पीएम मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया में तैर गई थीं. इस मुलाकात को लेकर भी सियासी गलियारों में काफी चर्चा थी. कांग्रेस की प्रवक्ता संगीता शर्मा कहती हैं, ” ये तस्वीरें असल में अपने नंबर बढ़वाने की दौड़ हैं. बीजेपी का गढ़ कहा जाता है मध्य प्रदेश, मजबूत संगठन वाला प्रदेश लेकिन यहां अब बीजेपी का पतन शुरु हो गया है.
दो दिन भोपाल ठहरकर नरोत्तम भी दिल्ली रवाना
इधर डॉ. नरोत्तम मिश्रा दो दिन भोपाल में ठहरने के बाद आज दिल्ली रवाना हो गए. हांलाकि, नतीजे आने के बाद उन्होंने मीडिया से ऑन रिकार्ड बात करने में परहेज किया. लेकिन दिल्ली रवाना होने से पहले दतिया में बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी से मुलाकात करके संदेश दे दिया कि तमाम सदेह के बावजूद वो पार्टी लाइन पर मजबूती से खड़े हैं.
Leave a comment