शिमला। हिमाचल प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को युक्तीकरण के तहत भरा जाएगा। जिन प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम और शिक्षकों की संख्या अधिक है, वहां से अतिरिक्त शिक्षकों को ऐसे स्कूलों में भेजा जाएगा, जहां केवल एक शिक्षक कार्यरत है या पद रिक्त हैं। नई भर्ती के साथ शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विभाग ने दूसरे विकल्प पर भी काम शुरू कर दिया है।
जनजातीय क्षेत्र में पद भरने के लिए विशेष प्रस्ताव
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में जेबीटी शिक्षकों के युक्तीकरण को मंजूरी दे दी है। शिक्षा मंत्री ने राज्य के हार्ड एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए विशेष प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
576 पद भरने की प्रक्रिया जारी
उन्होंने कहा कि 576 शिक्षकों के पद भरने की प्रक्रिया जारी है, जिनमें शारीरिक शिक्षक, टीजीटी आर्ट्स, नान मेडिकल व मेडिकल के पद शामिल हैं।
5 लाख तक के सिविल कार्य एसएमसी अपने स्तर पर करवाएगी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पांच लाख रुपये तक के सिविल कार्य स्कूल प्रबंधन समितियां (एसएमसी) अपने स्तर पर करवा सकेंगी। इस निर्णय से स्कूल में फेंसिंग, डंगे लगाने के अलावा मरम्मत जैसे कार्य अब लंबित नहीं रहेंगे। बैठक में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लंबित स्कूल निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सचिव लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी। जिन विद्यालयों के निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बावजूद शुरू नहीं हो पाए हैं, उनकी विस्तृत स्थिति रिपोर्ट सभी जिला उप निदेशक शीघ्र उपलब्ध करवाने को कहा है।
15 अगस्त से पहले हर विद्यार्थी के खाते में आएगी राशि
शिक्षा मंत्री ने बताया कि श्रीनिवास रामानुजन स्टूडेंट डिजिटल योजना के कुल 9,359 विद्यार्थी लाभार्थी हैं। इनमें से छह जिलों के 3,089 विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रति विद्यार्थी 16 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी है, जबकि शेष 6,270 विद्यार्थियों के खातों में यह राशि 15 अगस्त से पूर्व हस्तांतरित कर दी जाएगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक, अतिरिक्त निदेशक, समग्र शिक्षा परियोजना के परियोजना निदेशक, सभी जिला उपनिदेशक तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave a comment